नोएडा/गाजियाबाद (युग करवट)। जिला बागपत के खेकडा ब्लॉक में दादी मेहराजी धाम फुलेरा पर सामाजिक न्याय सप्ताह के अंतर्गत भाजपा किसान मोर्चा द्वारा प्राकृतिक कृषि एवं श्रीअन्न जनजागरण अभियान में कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अमित त्यागी उपस्थित रहे। मंच का संचालन किसान मोर्चा जिला महामंत्री एवं जिला पंचायत सदस्य मनुपाल बंसल ने किया।
कार्यक्रम के दौरान अमित त्यागी ने किसानों को प्राकृतिक व जैविक खेती के बारे में बताते हुए कहा कि जब से भारत में हरित क्रांति का आगमन हुआ है तब से रसायनिक, उर्वरकों, हानिकारक कीटनाशकों, हाइब्रिड बीजों के अंधाधुंध उपयोग एवं भूजल के अत्यधिक दोहन के फलस्वरुप हमारे खेत ऊसर हो रहे हैं, जलस्तर तेजी से गिर रहा है। अत्यधिक रासायनिक उर्वरकों, हानिकारक कीटनाशकों, हाइब्रिड बीजों के प्रयोग से हमारा अन्य जहरीला हो गया है। जिसको खाकर हम कैंसर, बीपी ,ब्लड शुगर, किडनी व हृदय रोग आदि से पीडि़त हो रहे हैं। अमित त्यागी ने कहा कि एक देसी गाय के द्वारा 5 एकड तक खेती की जा सकती है। आज के समय की आवश्यकता है ऐसी कृषि पद्धति की जिसमें किसान को बार-बार बाजार ना जाना पडे, उत्पादन ना घटे, खेत उपजाऊ बने रहे और मानव निरोगी रहे। वह है गौ आधारित प्राकृतिक खेती, जिसमें खेत के लिए कुछ भी बाजार से नहीं खरीदना है, सिर्फ एक देसी गाय पालना है। कार्यक्रम में काशीराम प्रधान, मस्तराम चेयरमैन, सतवीर प्रधान, भोपाल प्रधान, सुरेंद्र प्रधान, कृष्ण नेता, नेपाल मास्टर, राजवीर प्रधान, सुभाष प्रधान, स्वराज सत्येंद्र, बंसल विनोद, शाहजी, दीपक पंडित, रविशंकर त्यागी काफी संख्या में किसान उपस्थित रहे।