गाजियाबाद (युग करवट)। भारतीय जनता पार्टी ने आगमी चुनाव को लेकर पन्ना समिति बनाने का काम शुरू कर दिया है। अब तक हुए चुनाव में बूथ कमेटी पर सारी जिम्मेदारी हुआ करती थी। अबकि बार पन्ना समिति के पास सारे अधिकार रहेगें। भाजपा ने यही रणनीति गुजरात चुनाव में अपनाई थी। भाजपा वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए पन्ना समिति को मजबूत करने पर जोर दे रही है। गाजियाबाद महानगर क्षेत्र में 2139 बूथ हैं। वोटर लिस्ट में हर पेज पर पन्ना प्रमुख और समिति बनाई जा रही है। पन्ना समिति में 11 सदस्य रखे जाने की योजना है। लगभग 60 वोट पर एक पन्ना समिति का गठन किया जाएगा। मंडल अध्यक्षों को पन्ना समिति के गठन के निर्देश जारी किए जा चुके हैं। अबकि बार यह क्षेत्र में रहने वाले प्रमुख नेता को पन्ना प्रमुख नहीं बनाया जाएगा। बल्कि जिस नेता या कार्यकर्ता की जिस पन्ने पर वोट होगी उसको उसी पन्ने की समिति में रखा जाएगा। अब तक हुए चुनाव में भाजपा बूथ जीतो चुनाव जीतो की रणनीति पर चलती थी। अब पन्ना जीतो का मंत्र दिया गया है। पन्ना समिति को घर घर जाकर मतदाताओं को बूथ तक लाकर पार्टी के पक्ष में वोट डलवानी होगीं।