गाजियाबाद (युग करवट)। विद्युत कर्मचारियों की हड़ताल का आज दूसरा दिन है। दूसरे दिन लालकुआं, राजनगर एक्सटेंशन और लैंडक्राफ्ट स्थित लाइनों में फाल्ट आने से बिजली आपूर्ति बाधित रही थी। गाजियाबाद में बीते २४ घंटे में ६० स्थानों पर फॉल्ट हुए हैं। बिजली आपूर्ति बुरी तरह बाधित है।
लालकुआं द्वितीय में सुबह से बिजली आपूर्ति ठप है। लाइन को बहाल करने के काम में विभागीय अधिकारी जुटे हुए हैं, लेकिन समय लगने के कारण उपभोक्ताओं में नाराजगी दिखाई दे रही है। हड़ताल के चलते बनाए गए कंट्रोल रूम में सौ से अधिक शिकायतें दर्ज की गई हैं जिसमें सबसे अधिक शिकायतें लालकुआं द्वितीय से ही आ रही हैं। शिकायतों के मामले में लोनी का इन्द्रप्रस्थ इलाका दूसरे स्थान पर है। राजनगर एक्सटेंशन के नूरनगर बिजली घर पर भी सप्लाई बाधित है। यहां तैनात एक पूर्व कर्मचारी ने काम करने से इंकार कर दिया है। यही स्थिति अन्य जगहों की भी है।
जहां-जहां सप्लाई बाधित है उसे दोबारा सुचारू रूप से चलाने में मुश्किलें हो रही हैं। अधिकतर केन्द्रों पर तैनात अतिरिक्त कर्मचारी या तो फोन नहीं उठा रहे हैं या फिर काम करने से इंकार कर रहे हैं। इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को उठाना पड रहा है। साहिबाबाद के कई क्षेत्रों में भी ट्रिपिंग की समस्या सामने आई है। विद्युत कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर राजनगर पावर कॉरपोरेशन मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। संगठन के संयोजक शेरसिंह ने बताया कि हड़ताल जारी रहेगी। संगठन पर बेवजह दबाव बनाकर आंदोलन को समाप्त करने की रणनीति बनाई जा रही है जिसे पूरा नहीं होने दिया जाएगा। कर्मचारी जब तक काम नहीं करेंगे तब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाएगी। हड़ताल में शेर सिंह, अरूण नागर, नेत्रपाल सिंह, आलोक त्रिपाठी, अरशद अली, एसएन पटेल, अभिमन्यु, केके सोलंकी, पंकज भारद्वाज आदि शामिल रहे।