नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। नगर निकाय चुनाव के लिए प्रत्याशी जीत के लिए जीतोड मेहनत में जुटे हुए हैं। हर वार्ड से कई-कई प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। अगर वार्ड वार प्रत्याशियों की बात करें तो गाजियाबाद नगर निगम के सौ वार्डो में कुल ६६७ प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इसमें सबसे अधिक १५-१५ प्रत्याशी वार्ड-१६ और वार्ड-६६ से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। तो वहीं वार्ड-९९ में सबसे कम महज दो प्रत्याशी ही चुनावी मैदान में हैं। वार्ड-९७ में भी कुल दो प्रत्याशी ही आमने-सामने हैं। वार्डो में सबसे अधिक संख्या १५ प्रत्याशियों की हैं। किसी वार्ड में १३ तो किसी वार्ड में पांच प्रत्याशी ही चुनाव लड रहे हैं। वार्डो में चुनाव को वैसा उत्साह भी अभी तक नजर नहीं आ रहा है जितना गत चुनावों में रहता था। वार्ड वार अगर बात करें को नगर निगम के तीन वार्ड ऐसे हैं जहां १४ प्रत्याशी मैदान में हैं। वार्ड-११ में १३ प्रत्याशी और चार वार्ड में ११-११ प्रत्याशी चुनाव लड रहे हैं। चार वार्ड में १०-१० प्रत्याशी, १५ वार्ड में ४-४ प्रत्याशी, नौ वार्ड में ३-३ प्रत्याशी, दो वार्ड में दो-दो प्रत्याशी, १५ वार्ड में ५-५ प्रत्याशी, ११ वार्ड में ६-६ प्रत्याशी, ११ वार्ड में ८-८ प्रत्याशी, आठ वार्ड में ९-९ प्रत्याशी और १० वार्ड में प्रत्याशियों की संख्या ७-७ है। निगम में सबसे अधिक सौ वार्ड हैं।
निगम के ३६ वार्ड में एक भी महिला प्रत्याशी नहीं
गाजियाबाद नगर निगम के वार्डो में लड रहे प्रत्याशियों पर अगर नजर डालें तो यहां से ६६७ प्रत्याशी चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं। निगम के सौ वार्ड में से ३५ वार्ड महिला आरक्षित हैं यानि यहां सिर्फ महिला प्रत्याशी चुनाव लड रही हैं। लेकिन ३६ वार्ड ऐसे भी हैं जहां सामान्य सीट होने के बाद भी एक भी महिला चुनावी मैदान में नहीं है। हालांकि पुरूषों को २९ वार्ड में जरूर महिला प्रत्याशी टक्कर देती नजर आ रही हैं। नगर निगम में अगर वोटर्स की बात करें तो यहंा कुल संख्या १५ लाख ४२ हजार १२६ है जिसमें महिला वोटरों की संख्या ७ लाख तीन हजार ४५३ हैं और पुरूष मतदाताओं की संख्या आठ लाख, ३८ हजार ६७३ है। यानि इन वार्डो में महिला वोटर्स किसी भी वार्ड में चुनावी रिजल्ट बदलने की क्षमता रखती हैं।