सपा-रालोद गठबंधन ही उत्तर प्रदेश का भविष्य है, पूनम गाजियाबाद का: किरणमय नंदा
गाजियाबाद (युग करवट)। अंबेडकर रोड पर समाजवादी पार्टी, रालोद और आजाद समाज पार्टी गठबंधन की महापौर प्रत्याशी पूनम यादव के मुख्य चुनाव कार्यालय का विधिवत उद्घाटन पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा ने किया। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद महानगर के विकास एवं तरक्की के लिए पूनम यादव को भारी मतों से जिताएं। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद के विकास के लिए नगर निकाय चुनाव और नगर निगम में समाजवादी पार्टी का वर्चस्व होना बेहद जरूरी है। उत्तर प्रदेश में 2012 और 2017 के बीच साजवादी पार्टी की सरकार रही, यह समय प्रदेश की तरक्की का स्वर्णिम काल रहा। तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में उस दौरान जो विकास कार्य हुए, जनता उसे याद कर रही है। किरणमय नंदा ने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है, विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं। समाजवादी पार्टी महापौर प्रत्याशी पूनम यादव के मुख्य चुनाव कार्यालय के उद्घाटन समारोह में पूर्व एमएलसी राकेश यादव, रालोद नेता समरपाल सिंह, पूर्व एमएलसी जितेन्द्र यादव, जिलाध्यक्ष फैजल हुसैन, महानगर अध्यक्ष एडवोकेट वीरेन्द्र यादव, प्रभारी विकास यादव, धर्मवीर डबास, अभिषेक गर्ग, वरिष्ठ नेता नाहर सिंह यादव, बाबू सिंह आर्य, पूर्व जिलाध्यक्ष राशिद मलिक, पूर्व महानगर अध्यक्ष राहुल चौधरी, राजवीर सिंह, रवि यादव, राजदेवी चौधरी, मधु चौधरी समेत बड़ी संख्या में गठबंधन के नेता मौजूद रहे।
उधर सपा मेयर प्रत्याशी पूनम यादव के पति सिकंदर यादव ने रविवार वेब सिटी में जनसंपर्क किया। उन्होंने वार्ड नंबर 28 क्षेत्र के साथ ही वेब सिटी में भारी स्वागत हुआ। क्षेत्रवासियों ने सपा महापौर प्रत्याशी पूनम यादव के पति सिकंदर यादव को विश्वास दिलाया कि वे बदलाव के लिए सपा प्रत्याशी के पक्ष में ही मतदान करेंगे। वार्ड-28 में सभी वर्गों का भरपूर समर्थन मिलने से जनसपंर्क के दौरान सभी गदगद नजऱ आये। सिकंदर यादव ने वार्ड नंबर 24 महरौली में महापौर प्रत्याशी पूनम यादव के लिए वोट मांगे। इस दौरान जय भीम के नारों के साथ सैंकड़ों लोगों ने अपना समर्थन दिया।
‘समाजवादी पार्टी ही कराएगी गाजियाबाद का विकास’
गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी की महापौर प्रत्याशी पूनम यादव के पति सिकंदर यादव ने उद्घाटन कार्यक्रम में आए अतिथियों का जोरदार अभिनंदन किया। इस दौरान सिकंदर यादव और पूनम यादव ने लोगों को गाजियाबाद के विकास और तरक्की का भरोसा दिलाया। पूनम यादव और सिकंदर यादव ने कहा कि गजियाबाद नगर निगम पर पिछले 25 सालों में भाजपा का कब्जा रहा है। इस दौरान हुए भ्रष्टाचारों ने सभी सीमाएं लांघ दी हैं। गाजियाबाद के विकास की जगह भाजपा ने गाजियाबाद का सिर्फ विनाश किया है। सिकंदर यादव ने कहा कि पूनम यादव पढ़ी लिखी महिला हैं। पूनम यादव ने कहा कि गाजियाबाद जनपद को चमकता हुआ देखना ही उनका सपना है। समाजवादी पार्टी की विकास की राह पर चलकर वे गठबंधन के साथ मिलकर गाजियाबाद के विकास के लिए प्रतिबद्घ हैं। सिकंदर यादव ने कहा कि गाजियाबाद की जनता बदलाव का मन बना चुकी है। आने वाली 11 मई को गाजियाबाद में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।