नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। यशोदा अस्पताल कौशंाबी दिल्ली एनसीआर ही नहीं, बल्कि दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों की भी इलाज के लिए पहली पसंद बनता जा रहा है। दिल्ली के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, उद्यमी व अन्य लोग कैंसर सहित कई जटिल बीमारियों के इलाज के लिए यशोदा अस्पताल कौशांबी पहुंचते हैं। यशोदा अस्पताल में हाल ही में केन्द्रीय मंत्री डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय का ऑपरेशन किया गया। यह तकनीक का ही कमाल है जहां एक ओर चिकित्सकों की टीम उनका ऑपरेशन करने में जुटी रही तो वहीं खुद मरीज यानि केन्द्रीय मंत्री ऑपरेशन के दौरान वैदिक मंत्रों का जाप करते रहे। पूर्व में होने वाले ऑपरेेशन में मरीजों को पूरी तरह से बेहोश किया जाता था, लेकिन अब तकनीक काफी बदल गई है। ऐसे में मरीज के जिस हिस्से का ऑपरेशन होता है सिर्फ उसी हिस्से को एनेसथिसिया दिया जाता है, बाकी हिस्सा शरीर का एक्टिव रहता है। ऐसी स्थिति में डॉक्टरों ने केन्द्रीय मंत्री का सफल ऑपरेशन किया। १९ फरवरी को केन्द्रीय मंत्री महेन्द्र नाथ पाण्डेय का घुटना प्रत्यारोपण ऑपरेशन किया गया था और तब से वह अस्पताल में भर्ती हैं। उनका हाल-चाल जानने के लिए केन्द्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह भी यशोदा अस्पताल पहुंचे। वीके सिंह ने डॉक्टरों से भी केन्द्रीय मंत्री की स्वास्थ्य रिकवरी की जानकारी ली। अस्पताल के सीएमडी डॉ. पीएन अरोड़ा ने केन्द्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह का स्वागत किया और महेन्द्र नाथ पांडेय से उनकी मुलाकात कराई। केन्द्रीय मंत्री ने वीके सिंह को जानकारी दी कि वह अब पहले से अच्छा महसूस कर रहे हैं और घुटना प्रत्यारोपण के बाद चल-फिर भी पा रहे हैं। उनका इलाज कर रही डॉक्टरों की टीम ने बताया कि उनकी रिकवरी अच्छे से हो रही है और जल्द ही अस्पताल से उन्हें छुट्टी दे दी जाएगी। डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने पीएन अरोड़ा का आभार प्रकट किया और हॉस्पिटल के डॉक्टरों, नर्सों व स्टाफ का भी अच्छे से ध्यान रखने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने हॉस्पिटल की फिजियोथिरैपी टीम की भी बहुत तारीफ की।