लखनऊ (युग करवट)। केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर के दुबग्गा स्थित घर पर विनय श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के पहले झड़प भी हुई थी। जिसके कारण विनय के सिर पर गहरी चोट के निशान हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से विकास किशोर की पिस्टल भी बरामद हुई है। इस मामले में मृतक विनय के स्वजनों ने नामजद तहरीर दी है। पुलिस ठाकुरगंज थाने में एफआईआर दर्ज कर घटना की तहकीकात में लगी है। आज सुबह तडक़े चार बजे केंद्रीय मंत्री के बेटे के घर में भाजपा कार्यकर्ता विनय श्रीवास्तव की गोली लगने से मौत हो गई। विनय श्रीवास्तव केंद्रीय मंत्री के बेटे का करीबी था। मृतक विनय के भाई विकास श्रीवास्तव का आरोप सोची समझी साजिश के तहत भाई की हत्या की गई। विकास किशोर भी साजिश में शामिल हो सकते हैं। क्योंकि वह अपनी पिस्टल साथ नहीं ले गए। उन्हें पिस्टल सुरक्षित रखनी चाहिए थी। घर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस डीवीआर लेकर रात में घर मे कौन कौन आया था। उसकी जांच कर रही है। वारदात के वक्त मृतक विकास के अलावा अरुण प्रताप सिंह उर्फ बंटी, शमीम उर्फ बाबा, अंकित वर्मा, अजय रावत और रंगीला उर्फ सौरभ थे। इनमें विवाद हुआ, पुलिस ने सभी को हिरासत में लिया है। मंत्री कौशल किशोर ने कहा है कि घटना के वक्त उनका बेटा यहां मौजूद ही नहीं था वह दिल्ली में था। 18 घंटे पहले बेचालाल ने केंद्रीय मंत्री के बेटे विकास किशोर के साथ फ्लाइट की फोटो अपनी फेसबुक पर शेयर की थी। बताया जा रहा है कि दिल्ली जाते हुए फ्लाइट में यह फोटो ली गई है।