नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। भारतीय किसान यूनियन के आहवाहन पर गाजियाबाद की जिला इकाई ने भी दुहाई से जिला मुख्यालय तक ट्रैक्टर पर तिरंगा यात्रा निकाली। किसानों को रोकने के लिए दुहाई पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी पहुंचे। लेकिन किसान यात्रा निकालने पर अड़े रहे। दोनों पक्षों के बीच बहस भी हुई, लेकिन फिर किसानों की तिरंगा यात्रा को निकालने की अनुमति दी गई। दुहाई से ट्रैक्टर पर किसानों की तिरंगा यात्रा शुरू हुई तो वहीं कई किसान भैंसा बुग्गी के साथ यात्रा में शामिल हुए। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता बाढ़ क्षेत्र के लिए मुआवजा की मांग रहे हैं। भाकियू के जिलाध्यक्ष विजेन्द्र चौधरी ने कहा कि बाढ़ से किसानों की फसलें चौपट हो गई है। किसानों की हालात दयनीय है। ऐसे में किसानों को उनकी बर्बाद हुई फसल का उचित मुआवजा मिलना चाहिए। इसके अलावा आवारा पशु, निजी नलकूपों पर मीटर न लगाने, सिंचाई के लिए निशुल्क बिजली, गन्ने का भाव बढाने, चीनी मिलों पर बकाया भुगतान कराने, एमएसपी पर कानून बनवाने, किसानों को केन्द्रों पर उर्वरक उपलब्ध कराने, भूमि अधिग्रहण की नीतियों को किसानों के अनुरूप बनाने, लखीमपुर खीरी कांड के दोषियों को सजा दिलाने,बाढ व सूखे की चपेट में आए जिलों का मैदानी सर्वे कर किसानों की नष्टï हुई फसलों का तत्काल मुआवजा देने की मांग को लेकर ज्ञापन भी सौंपा। प्रदर्शन करने वालों में सुनील बालियान, राजकुमार चौधरी, ब्रहमपाल चौधरी, कपिल चौधरी, कुसुमपाल सिंह, राजेन्द्र सिंह, यशवीर सिंह, सुबोध, जयकुमार सिंह, यशवीर सिंह, अंकित नेहरा, वीरेन्द्र त्रूागी, यशपाल, सतेन्द्र त्यागी, दिनेश, अनिल पंवार आदि शामिल रहे।