नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। टोल टैक्स के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने दुहाई टोल टैक्स पर प्रदर्शन किया। किसानों ने आरोप लगाया कि कोंडली सहित अन्य टोल टैक्स पर किसानों से अवैध तरीके से टोल वसूला जाता है, जबकि किसानों के टोल फ्री है। इस मामले में किसान पहले भी आला अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन टोल टैक्सकर्मी यहां से गुजरने वाले किसानों के वाहनों को परेशान करते हैं और बिना टोल लिए उनके वाहनों को नहीं जाने देते। आए दिन इस तरह की समस्या टोल टैक्स पर आती हैं। किसानों ने प्रदर्शन के दौरान आरोप लगाया कि टोल पर उनसे गुंडा एक्ट वसूला जाता है जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों ने विरोध स्वरूप आज टोल पर कब्जा कर वाहनों को फ्री में पास कराया। किसानों ने मांग की है कि लोकल किसानों से टोल न वसूला जाए और यूनियन का झंडा लगे वाहनों को भी बिना टैक्स दिए ही गुजरने दिया जाए। किसान नेताओं ने प्रदर्शन को सम्बोधित करते हुए कहा कि अगर उनकी मांगे नहीं मानी गई तो टोलों पर इस तरह का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा, लेकिन टोलकर्मियों की यह मनमानी नहीं चलने दी जाएगी। किसानों को खेतों के काम से दिन भर में कई चक्कर लगाने पड़ते हैं, ऐसे में वे हर बार टैक्स नहीं दे सकता। आज सैंकड़ों की तादात में किसान टोल टैक्स पर दिन भर जमा रहें। प्रदर्शन करने वालों में राष्टï्रीय सचिव ओमपाल मलिक, एनसीआर प्रभारी सुनील बालियान, जिला प्रभारी प्रवीन चौधरी, जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र सिंह, मेरठ मंडल सचिव ललित चौधरी, विनीत त्यागी, बाबा परविन्दर आर्या, सतेन्द्र तेवतिया, जयकुमार मलिक, युवा जिलाध्यक्ष छोटे खान आदि सैंकड़ो किसान शामिल रहे।