गाजियाबाद (युग करवट)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मुस्लिम और दलित समाज को पार्टी के साथ फिर से जोडऩे की जोरदार मुहिम छोड़ रखी हैै। इसी अभियान को गति देने के लिए कांग्रेस के प्रदेश हाईकमान ने नई रणनीति तैयार की है। पार्टी उत्तर प्रदेश के हर जनपद में ‘जय जवाहर, जय भीम’ अभियान चलाने जा रही है। अल्पसंख्य कांग्रेस द्वारा चलाया जाने वाला यह अभियान 7 से 13 अगस्त के बीच आयोजित होगा।
दरअसल, कांग्रेस पार्टी जानती है कि उत्तर प्रदेश में खुद को जिंदा करने के लिए उसे अपने पुराने मतदाता दलित, मुस्लिम और ब्राह्मण को फिर से जोडऩा होगा। दलित और मुस्लिम समुदाय को पार्टी के साथ जोडऩे की पूरी जिम्मेदारी प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने खुद अपने कंधों पर उठा ली है। इसी क्रम में पार्टी की ओर से संविधान बचाओ संकल्प सभाएं दलित समुदाय को पार्टी से जुडऩो के लिए आयोजित की गईं। इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए अब अल्पसंख्यक कांग्रेस की अगुवाई में जय जवाहर, जय भीम अभियान चलाए जाने की रणनीति पर काम चल रहा है। यह अभियान 7 से 13 अगस्त के बीच समूचे उत्तर प्रदेश में चलाया जाएगा। अभियान की शुरूआत में अल्पसंख्यक कांग्रेस हर जनपद में प्रेसवार्ता करेगी। अभियान में दलित परिवारों के बीच पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कांग्रेस का अल्पसंख्यक विभाग अभियान के तहत रोज कम से कम 100 दलित परिवारों से संपर्क साधेगा। संपर्क के दौरान हर परिवार में पर्चे वितरित किए जाएंगे। जिसमें बताया जाएगा कि कांग्रेस में ही दलित समुदाय के हित सुरक्षित हैं।