रोहित शर्मा
गाजियाबाद (युग करवट)। कांग्रेसियों को उत्तर प्रदेश की कमेटी जारी होने का बेसब्री से इंतजार है। इंतजार उम्मीद से इतर कुछ लंबा होता जा रहा है। पार्टी के सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी की कमेटी प्रदेश स्तर पर तैयार हो चुकी है। सूत्र बता रहे हैं कि प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रांतीय अध्यक्षों ने कमेटी पर फाइनल मुहर लगाकर उसे लखनऊ से दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय को रवाना कर दिया है। दिल्ली में अटकी प्रदेश कमेटी पर अब हाईकमान की अंतिम मुहर लगने का इंतजार किया जा रहा है। बृजलाल खाबरी को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बने हुए लगभग चार महीने बीत चुके हैं लेकिन अभी तक उनकी कमेटी की घोषणा नहीं की गई है। गत दिनों से उत्तर प्रदेश की कमेटी तैयार करने की कवायद लखनऊ में चल रही थी। सूत्रों के अनुसार कमेटी में लगभग 150 कांग्रेसियों को विभिन्न पदों पर लिया गया है। सूत्रों के अनुसार कमेटी को लखनऊ से दिल्ली भी भेजा जा चुका है। दरअसल, दिल्ली में कमेटी पर अंतिम एप्रुवल की मुहर लगाई जानी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के की अनुमति के बाद जल्द ही उत्तर प्रदेश की कमेटी सार्वजनिक कर दी जाएगी।
यूपी की कमेटी में गाजियाबाद के लिए जरूर होगा कुछ खास
गाजियाबाद। बड़ा सवाल है कि उत्तर प्रदेश की कांग्रेस कमेटी में गाजियाबाद के लिए क्या कुछ खास होने जा रहा है। इस सवाल का जवाब पार्टी के सूत्र दे रहे हैं। पार्टी के सूत्रों के अनुसार यूपी की कमेटी में गाजियाबाद जनपद के लिए जरूर कुछ खास है।
वर्तमान की बात की जाए तो कमेटी में गाजियाबाद जनपद से दो सचिव एवं एक महासचिव हैं। नई कमेटी में गाजियाबाद के पदाधिकारियों को प्रमोशन दिए जाने की चर्चा है। साथ ही कुछ बड़े पदों पर अन्य कांग्रेसियों को समायोजित किए जाने की चर्चा है। गाजियाबाद के कांग्रेस नेताओं की निगाहें दिल्ली पर टिकी हुई हैं।