वरिष्ठ संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाया जा रहा है। अभियान को सार्थक रूप से आगे बढ़ाने के लिए पार्टी हाईकमान भी पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। इसी क्रम में कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष एवं पश्चिमी यूपी प्रभारी नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने गुरुवार को जूम पर कांग्रेस के जिला एवं महानगर अध्यक्षों एवं प्रदेश पदाधिकारियों की जूम पर बैठक ली और जरूरी दिशा दिर्नेश दिए। दरअसल, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू होकर 30 जनवरी को श्रीनगर के लाल चौक पर ध्वजारोहण के साथ समाप्त हुई थी। इस दौरान राहुल गांधी ने 12 राज्यों एवं 2 केंद्र शासित प्रदेशों को कवर करते हुए लगभग 4 हजार किलोमीटर की यात्रा की थी। कांग्रेसियों की माने तो भारत जोड़ो यात्रा राहुल गांधी ने एकता और भाईचारे का संदेश जनता में देने के लिए निकाली थी। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का संदेश जनता तक पहुंचाने के लिए अब कांगे्रस में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान गणतंत्र दिवस यानि 26 जनवरी से विधिवत शुरू कर दिया गया है और यह लगातार दो महीने तक चलेगा।
अभियान के संदर्भ में गुरुवार को कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने जूम पर कांग्रेस के जिला एवं महानगर अध्यक्षों एवं प्रदेश के पदाधिकारियों से बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी पदाधिकारियों को अभियान के संदर्भ में यह जानकारी दी कि इसे गंभीरता से अपने क्षेत्रों में चलाएं। जिला एवं महानगर कमेटियों से जुड़े पदाधिकारियों की इसमें ड्यूटी लगाई जाए और जिम्मेदारी सौंपी जाए। कांग्रेस के कार्यकर्ता बूथ लेवल तक जाकर घर-घर लोगों से मुलाकात करें और राहुल गांधी का संदेश उन तक पहुंचाते हुए उनके द्वारा लिखा गया पत्र भी उन्हें दें। साथ ही भारत जोड़ो यात्रा के महत्व के बारे में जनता को बताते हुए केंद्र और प्रदेश की सरकार की नाकामियों की जानकारी भी जनता को दें। बैठक में कांग्रेसियों के सभी पदाधिकारियों ने प्रांतीय अध्यक्ष से सहमति जताते हुए हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को अपने क्षेत्रों में गंभीरता से चलाने की बात कही और सार्थक रूप से अपने क्षेत्र में अभियान चलाने का आश्वासन प्रांतीय अध्यक्ष को दिया।