गाजियाबाद (युग करवट)। महानगर के 100 वार्डों पर कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लडऩे वाले कुछ दावेदारों का इंतजार आज समाप्त हो सकता है। कांग्रेस आज रात तक पार्षद पदों के दावेदारों की सूची जारी कर सकती है। महानगर अध्यक्ष लोकेश चौधरी ने बताया कि कुछ वार्डों में स्थिति स्पष्ट नहीं है। आज प्रभारियों के साथ होने वाली बैठक में यह संभावित पार्षदों के मुद्दे भी स्पष्ट कर लिए जाएंगे। उसके बाद पहली सूची जारी कर दी जाएगी।
दरअसल, महानगर कांग्रेस की ओर से दावा किया गया था कि कांगे्रस इस बार सभी 100 वार्डों पर उम्मीदवार उतारने जा रही है। महानगर अध्यक्ष लाकेश चौधरी का कहना है कि उनके पास सभी 100 वार्डों पर टिकट के मजबूत दावेदार तैयार हैं। साथ ही कुछ वार्ड ऐसे भी हैं, जहां दावेदारी एक से ज्यादा हो रही है और सभी दावेदार मजबूत भी माने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिन वार्डों में कई दावेदार हैं, वहां स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है।
महानगर अध्यक्ष ने बताया कि आज कांग्रेस के प्रभारी एवं राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल एवं जिला प्रभारी बदरुद्दीन कुरैशी जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय आ रहे हैं। उनके साथ होने वाली बैठक में उन वार्डों की स्थिति पर भी विचार किया जाएगा, जहां एक से अधिक दावेदार हैं। स्थिति साफ होने पर आज देर रात तक पार्षद पदों के उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी जाएगी।