वीके सिंह, अतुल गर्ग, पुलिस आयुक्त, डीएम होंगे अतिथि
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। शहर की रामलीलाएं अब समापन की ओर हैं। कल विजयादशमी पर्व के साथ ही रामलीलाओं में रावण दहन किया जाएगा। इसके लिए रावण के पुतलों को अंतिम रूप से तैयार किया जा रहा है। रावण दहन शहर की चार प्रमुख रामलीलाओं में अलग-अलग समय पर किया जाएगा ताकि दर्शक एक से दूसरी जगह जाकर आसानी से रावण दहन देख सकें। शहर की सबसे बडी व पुरानी घंटाघर रामलीला में रात साढे दस बजे रावण दहन किया जाएगा। श्रीराम के हाथों रावण के मारे जाने के उपरांत प्रतीकात्मक रूप से रावण के पुतलों पर तीर चलाकर उन्हें जलाया जाएगा। इस कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में केन्द्रीय मंत्री व सांसद वीके सिंह, मुख्य अतिथि शहर विधायक अतुल गर्ग मौजूद रहेंगे। तो वहीं रावण के पुतले का ७० फुट, कुंभकरण का ६५ व मेघनाथ का ६०फुट का होगा। वहीं कविनगर रामलीला मैदान में सबसे पहले रावण दहन रात आठ बजे किया जाएगा। यहां भी पुतलों का साइज ७० से ६० फुट के बीच रहेगा। कविनगर में रावण दहन के समय मुख्य अतिथि के रूप में केन्द्रीय मंत्री वीके सिंह, पुलिस आयुक्त अजय कुमार मिश्रा और डीएम आरके सिंह मौजूद रहेंगे। राजनगर रामलीला मैदान में रावण दहन का समय रात साढे दस बजे का रहेगा। यहां मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री वीके सिंह मौजूद रहेंगे। यहां ६५ फुट का रावण, ६० फुट कुंभकरण और ५५ फुट साइज का मेघनाद का पुतला रहेगा। यहां भी पुतलों का साइज शासन के निर्देशों केे अनुरूप रखा गया है। वहीं संजयनगर रामलीला मैदान में भी ५० फुट के रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। कुंभकरण का ४६ फुट और मेघनाथ का पुतला ४५ फुट का होगा। यहां रावण दहन सबसे अंत में रात १२ बजे किया जाएगा। यहां के मुख्य अतिथि मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी होंगे। इसके अगले दिन रामलीलाओं में भरत-मिलाप की लीला का मंचन किया जाएगा।