नई दिल्ली। (युग करवट)। भारत और कनाडा के बिगड़ते रिश्तों के बीच कनाडा में एक और गैंगस्टर सुखदूल सिंह उर्फ सुक्खा दुनिके गोली मारकर हत्या कर दी गई है। वो खालिस्तानी आतंकी अर्शदीप सिंह का करीबी था। जानकारी के मुताबिक, अज्ञात हमलावरों ने सुक्खा दुनिके की हत्या की है। सुक्खा एनआईए की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल था। कनाडा से वो भारत विरोधी गतिविधियों को अंजाम देता था। साल 2017 में वो भारत से कनाडा भाग गया था। कुछ दिनों पहले कनाडा के सर्रे में खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना पर कनाडा के पीएम ने बेतुका बयान दिया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि सिख नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के पीछे भारत सरकार हो सकती है। वहीं, कनाडा ने भारत के शीर्ष राजनयिक को भी निष्कासित कर दिया है। भारत ने इस टिप्पणी पर आपत्ति जाहिर करते हुए कनाडा उच्चायोग को समन भेजा और एक उच्च अधिकारी को निष्कासित कर दिया। सरकार ने अधिकारी को भारत छोडऩे के लिए पांच दिनों का वक्त भी दिया।