गाजियाबाद (युग करवट)। ‘इसी महीने से नगर निगम के अस्थाई कर्मचारियों को बढ़ा हुआ वेतन मिलेगा।’ यह दावा बीजेपी नेता एवं निवर्तमान नामित पार्षद प्रदीप चौहान ने वाल्मीकि पार्क में आयोजित एक प्रेसवार्ता में किया।
इन सभी कर्मचारियों को प्रति दिन अतिरिक्त 100 रुपये मिलेंगे। इसके लिए उन्होंने नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़, और प्रस्ताव को पास कराने में अहम रोल अदा करने वाले सदन के सदस्य आदि को बधाई दी।
इससे पहले महेन्द्र सिंह तंवर के नगरायुक्त रहते भी प्रति दिन 100 रुपये की वेतन वृद्घि की गई थी। हाल ही में इस संबंध में एक प्रस्ताव बोर्ड की बैठक में पेश किया गया था। चौहान का दावा है कि वेतन में नई वृद्घि के साथ ही प्रत्येक अस्थाई सफाई कर्मचारियों के वेतन में वृद्घि 17 हजार 500 रुपये हो गई है। इसी महीने से बढ़ा हुआ वेतन दिया जाएगा।
श्री चौहान ने बताया कि अस्थाई सफाई कर्मचारियों को नियमित कराने का प्रयास चल रहा है। इसके लिए विधायक अुतल गर्ग, विधायक सुनील शर्मा और विधायक अजीतपाल त्यागी की ओर से एक प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
तीनों ही विधायक कोशिश में है कि जल्दी से जल्दी अस्थाई सफाई कर्मचरियों को स्थाई किया जा सके। प्रेसवार्ता में सफाई कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के संयोजक, अशोक मतकवाना, रामभूल धीमान, शक्ति जीनवाल, प्रवीण गहलौत, आजाद बाल्मीकि आदि मौजूद रहे।