नई दिल्ली (युग करवट )। गाजियाबाद के सांसद एवं केंद्रीय सडक़ परिवहन राजमार्ग एवं नागर विमानन राज्यमंत्री वीके सिंह राजस्थान से मध्यप्रदेश पहुंचे। संगठन सेवा और जन सेवा में प्रतिबद्ध वीके सिंह ने इंदौर में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इंदौर विधानसभा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से वीके सिंह ने पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार के महत्वपूर्ण पहलू बताए। जिनकी वजह से आज गरीब, गरीबी रेखा से ऊपर उठकर मजबूत और सशक्त बन रहा है। मंत्री वीके सिंह ने बताया कि 2014 के बाद से देश में लगभग 25प्रतिशत लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं, जिसकी वजह से वह अपना जीवन खुशहाली और समृद्धि व्यापन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीब कल्याण के लिए चलाई गई अनेकों ऐसे महत्वपूर्ण योजनाएं हैं जो गरीब के उत्थान के लिए कार्य कर रही हैं। चुनाव नजदीक है और मध्यप्रदेश फिर से कमल खिलाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। जन आशीर्वाद यात्रा के माध्यम से भाजपा मध्यप्रदेश की जनता का आशीर्वाद पा रही है। वीके सिंह ने कहा कि यह कहने में तनिक भी संकोच नहीं है कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन रही है।