गाजियाबाद (युग करवट)। उत्तर प्रदेश उघोग व्यापार मंडल के सफलतम पचास वर्ष पूरे होने पर संगठन द्वारा पूरे उत्तर प्रदेश में व्यापारी स्वाभिमान यात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के रोहाना टोल प्लाजा से प्रारंभ हो चुकी है तथा विभिन्न जिलों से गुजरते हुए यात्रा 17 मार्च को मेरठ, मोदीनगर होते हुए मुरादनगर से गाजियाबाद में प्रवेश करेगी। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की शाखा उद्योग मंच के प्रदेश अध्यक्ष, जाने-माने उद्योगपति और समरकूल होम एप्लायंसेज प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन संजीव गुप्ता ने यात्रा की जानकारी देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल अपने राष्टï्रीय अध्यक्ष और चार बार के सांसद रहे दिवंगत पंडित श्याम बिहारी मिश्रा के दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए अपने स्वर्णिम 50 वर्ष पूरे कर चुका है।
इस ऐतिहासिक और गौरव पूर्ण वर्ष को व्यापार मंडल स्वर्ण जयंती के रूप में मना रहा है। संजीव गुप्ता ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा के नेतृत्व में सहारनपुर से इस यात्रा का आगाज हो चुका है और पूरे उत्तर प्रदेश के शहरों में इस यात्रा का भव्य स्वागत व्यापारियों के साथ-साथ आम जनमानस भी बहुत उत्साह के साथ कर रहा है। इसी के तहत गाजियाबाद में भी महानगर अध्यक्ष सुभाष छाबड़ा के नेतृत्व में सैकड़ों स्थानों पर यात्रा का फूल माला व गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया जाएगा संजीव गुप्ता ने उद्योग व्यापार मंडल के स्वर्णिम पचास वर्ष पूरे होने पर उत्तर प्रदेश के सभी व्यापारियों को अपनी शुभकामनाएं भी दी हैं।