प्रमुख संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। नगर निगम के चुनाव में निगमकर्मियों को चुनावी ड्यूटी से दूर रखा जा सकता था, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। निर्वाचन विभाग के पास मतदानकर्मियों की कमी है। इसलिए पहली बार नगर निगम के कर्मचारियों की भी ड्यूटी इस चुनाव में लगाई जाएगी। इसके लिए निर्वाचन विभाग की ओर से चुनावी ड्यूटी आनी भी शुरू हो गई है।
माना जा रहा है कि जल्दी ही सभी निगमकर्मियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी जाएगी। वैसे कई निगमकर्मी इस कोशिश में हैं कि उनका नाम चुनाव ड्यूटी में नहीं आए, लेकिन इस बार ऐसा होने की संभावना नहीं है। नगर निगम के सभी कर्मचारियों की चुनाव में ड्यूटी लगाई जा सकती है। ये बात अलग है कि हो सकता है निगमकर्मियों की ड्यूटी इस बार नगर निगम क्षेत्र में नहीं लगे। इनकी चुनावी ड्यूटी नगर पालिका परिषद मोदीनगर, मुरादनगर, खोड़ा, लोनी, या फिर नगर पंचायत क्षेत्र डासना, फरीदनगर, पतला, निवाड़ी आदि में लगाई जा सकती है। गौरतलब है कि इस बार लोनी में भी नगर पालिका परिषद का चुनाव ईवीएम के जरिए हो रहा है। इस कारण भी चुनाव कराने के लिए अधिक कर्मचारियों की जरूरत होगी।