प्रमुख संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। यह चुनाव नगर निगम से सीधा जुड़ा है, ऐसे में बीजेपी, कांग्रेस, एसपी और बीएसपी आदि प्रमुख राजनैतिक दल किस प्रत्याशी को मेयर चुनाव के लिए मैदान में उतार रहे हैं, इस पर नगर निगम के भी कई हजार कर्मचारियों की नजरेें जमी हैं। नगर निगम का मुख्य ऑफिस हो या फिर जोनल ऑफिस, हर जगह केवल इस बात की ही चर्चा होती है कि किस पार्टी से मेयर प्रत्याशी का टिकट मिलेगा। केवल मेयर पद के लिए नहीं, यही उत्सुकता पार्षद प्रत्याशी को लेकर भी है। टिकट को लेकर लगभग सभी राजनैतिक दलों में घमासन चल रहा है। इस पर नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी भी बारीकी से नजर रखे हुए हैं। नगर निकाय चुनाव में नगर निगम में सबसे बड़ी चर्चा बीजेपी को लेकर है। यहां हर ऑफिस में अधिकारियों की जुबान पर एक ही सवाल है, कि बीजेपी से किसे टिकट मिलेगा? टिकट की लाइन में कितने कई नेता लगे हैं, इनमें पहले, दूसरे या तीसरे स्थान पर तीन कौन से नाम चल रहे है? ऐसा लग रहा है सत्ताधारी पार्टी के पदाधिकारियों को भी इसमे इतनी रूचि नहीं, जितनी उत्सुकता नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों में है।