नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। राजनगर स्थित इस्कॉन मंदिर में सात सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। आदिकर्ता दास सुरेश्वरदास और भाजपा नेता संजीव गुप्ता ने बताया कि महोत्सव के दौरान श्री राधा मदन मोहन का भव्य श्रृंगार, विदेशी फूलों की झांकियां और फूल बंगला, १००८ भोग, श्री भगवान का महाभिषेक, महाआरती प्रमुख होंगे। कार्यक्रम की शुरूआत सुबह साढ़े चार बजे मंगल आरती से होगी। उसके बाद पौने आठ बजे ठाकुरजी का पहला श्रृंगार दर्शन होगा। आठ बजे से कृष्ण कथा होगी। श्रद्धालु पूरा दिन भगवान के दर्शन कर पाएंगे। रात 11 बजे विशेष द्रव्यों से महाभिषेक किया जाएगा। उसके बाद भोग लगेगा। महोत्सव के अंत में सभी के लिए प्रसाद की व्यवस्था होगी। वृंदावन से आए हुए लोगों द्वारा हरिनाम संकीर्तन चलता रहेगा। इस्कॉन मंदिर प्रबंधन से सुंदर गोपाल प्रभु, आदिकर्ता प्रभु, सुरेश्वर प्रभु व्यवस्था देखेंगे।