गाजियाबाद (युग करवट)। नगर निगम द्वारा इंदिरापुरम और इंदिराकुंज कॉलोनी को टेकओवर करने की प्रक्रिया का विरोध किया जा रहा हैं। दूसरी ओर इसको लेकर आज जीडीए में एक अहम बैठक हुई। बैठक में जीडीए वीसी आरके सिंह, नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ और कई अधिकारियों ने हिस्सा लिया। यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है। माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद ही इन कॉलोनियों को नगर निगम को ट्रांसफर करने के लिए प्रक्रिया को और तेज किया जाएगा।
करीब एक घंटे चली इस बैठक में इंदिरापुरम में अवस्थापना सुविधाओं की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की गई है। सूत्रों का दावा है कि बैठक में तय किया गया कि जल्दी ही जीडीए और नगर निगम की संयुक्त टीम कॉलोनी में अवस्थापना सुविधाओं का सर्वे करेगी। सर्वे को काफी तेजी के साथ करने पर भी दोनों विभागों के बीच सहमति बनी है। इसके लिए जल्दी ही जीडीए और नगर निगम की ओर से संयुक्त सर्वे में शामिल अधिकारियों की सूची फाइनल की जाएगी। माना जा रहा है कि चुनावी आचार संहिता लागू होने से पहले ही दोनों कॉलोनियां नगर निगम को ट्रांसफर हो जाएं। निवर्तमान पार्षद राजेन्द्र त्यागी के विरोध के बाद यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।