आज रात से शुरू होगा शिवरात्रि का जलाभिषेक
त्रयोदशी व हाजिरी का जल चढाने के लिए लगी भक्तों की भीड़
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। आज रात साढे आठ बजे से चतुर्दशी यानि शिवरात्रि का जलाभिषेक शुरू होगा। सुबह छह बजे से त्रयोदशी और कांवडियों द्वारा हाजिरी का जल चढाया जा रहा है। जो भी कांवडियां दूधेश्वरनाथ मंदिर पहुंच रहा है वह सबसे पहले भगवान भोले के दर्शन का हाजिरी का जल अर्पण कर रहे हैं। तो वहीं शिवरात्रि भी आज मान्य होने के कारण बडी संख्या में व्रती जल चढाने के लिए सुबह से ही मंदिर पहुंचना शुरू हो गए। मंदिर में भक्तों की लाइन टूटने का नाम नहीं ले रही है। घंटाघर और दिल्ली गेट से ही छह लाइन बनाई गई हैं जिसमें सामान्य शिवभक्तों की अलग व कांवडियों की अलग लाइन होने से आराम से शिवभक्त जलाभिषेक कर रहे हैं। बाहर से छह लाइन मंदिर में प्रवेश के बाद तीन लाइनों में बंट रही है, जिसमें हर भक्त को एक के बाद एक जलाभिषेक करने के लिए आने दिया जा रहा है। मंदिर के महंत नारायण गिरी महाराज ने बताया कि चतुर्दशी का जलाभिषेक रात आठ बजकर ३२ मिनट से शुरू होगा। इसलिए व्रत भी आज का ही मान्य है। महंत नारायण गिरी ने कहा कि भगवान शिव मात्र जलाभिषेक से ही अपने भक्तों से प्रसन्न हो जाते हैं। उनके पूजन में धतूरा, बेलपत्र अक्षत आदि अर्पण कर गंगाजल व दूध से अभिषेक करने पर शिव अपने भक्तों पर सदैव कृपा बनाए रखते हैं। जलाभिषेक से पूर्व भगवान दूधश्ेवर का पंचामृत से अभिषेक कर श्रंगार किया जाएगा व विशेष आरती के उपरांत भक्तों के लिए मंदिर के कपाट खोले जाएंगे। जलाभिषेक पूरी रात और कल यानि रविवार को दस बजे तक जारी रहेगा। मंदिर परिसर में डीसीपी निपुण अग्रवाल, एसीपी सलोनी अग्रवाल सहित पुलिस मौजूद रही।मंदिर पहुंचे हजारों कांवडियां
शिवरात्रि का जलाभिषेक आज होने के चलते हजारों की संख्या में कांवडियां दूधेश्वरनाथ मंदिर पहुंच गए हैं। हाजिरी का जलाभिषेक करने के उपरांत कांवडियां शिविरों में आराम कर रहे हैं तो वहीं बडी संख्या में कांवडिया डीजे पर शिव भजनों पर नाच गा रहे हैं। मंदिर में लगातार कांवडियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। डाक कांवडियां भी बडी संख्या में पहुंच रहे हैं। डाक कांवडियों के लिए पुलिस ने इस बार अलग से लाइन बनाकर व्यवस्था की है।
पुलिस आयुक्त खुद कर रहे मंदिर में मानीटिरिंग
गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट बनने के बाद यह पहली कांवड यात्रा है। इसके लेकर पुलिस आयुक्त अजय मिश्रा कोई कोताही बरतने के मूड में नहीं है। खुद पुलिस आयुक्त मंदिर परिसर में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं पर नजर रखे हुए हैं। जलाभिषेक से लेकर लाइनों की व्वयस्था इस तरह से की गई है कि मंदिर परिसर के आसपास लगने वाली भीड़ इस बार नदारद है। पुलिस आयुक्त गर्भगृह के पास काफी समय तक खुद मौजूद रहे और जलाभिषेक कराया। इसके बाद उन्होंने बाहरी क्षेत्र का निरीक्षण किया और फिर सीसीटीवी के जरिए पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी कर रहे हैं। ऐसा पहली बार है जब कोई बडा अधिकारी खुद मौजूद रहकर व्यवस्थाओं को देख रहे हैं।
लाइन से लेकर जलाभिषेक की कमान संभाली पुलिस ने
इस बार दूधेश्वरनाथ मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं में काफी बदलाव देखने को मिला। ऐसा पहली बार हुआ है जब मंदिर में भक्तों की लाइन लगने से लेकर जलाभिषेक की तक कमान पुलिस जवानों के हाथ में हैं। यहां तक की मंदिर के गर्भगृह तक में सिर्फ पुलिस के जवान मौजूद हैं। मंदिर प्रशासन के सभी वॉलिटंयर को इस बार पुलिस ने हटाकर खुद सारी व्यवस्थाएं अपने हाथ में ली हैं। मंदिर के अन्दर सिर्फ जलाभिषेक करने वालों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। बिना लाइन के किसी को भी प्रवेश की इजाजत नहीं है। इतना ही नही गर्भगृह में एक-एक कर भक्तों को प्रवेश दिया जा रहा है जिससे भक्त आराम से भगवान के दर्शन कर रहे हैं। मंदिर की इस व्यवस्था को देख आम लोग भी पुलिस व्यवस्था की सराहना कर रहे हैं। सिविल डिफेंस के वार्डन भी इस बार मंदिर परिसर के बाहरी क्षेत्र में तैनात हैं।
फोटो वीके सिंह
वीके सिंह ने किया जलाभिषेक
गाजियाबाद के सांसद व केन्द्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह ने दूधेश्वरनाथ मंदिर पहुंचकर वहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भगवान भोले का जलाभिषेक कर पूजन किया। मंदिर के महंत नारायण गिरी महाराज द्वारा उन्हें पटका पहनाकर सम्मानित भी किया गया।
बाक्स
मंदिर के पास नहीं लगी सामग्री की दुकानें व भंडारे
दूधेश्वरनाथ मंदिर के आसपास इस बार पूजन सामग्री की दुकानें व भंडारे लगाने की परमिशन पुलिस ने जारी नहीं की। सामान्य दिनों में जहां मंदिर के पास सामग्री की दुकानें लगी रहती थी, उन्हें भी आज बंद कर दिया गया। जीटी रोड के दूसरी लाइन पर ही दुकानें खोली गई हैं। मंदिर के बाहरी क्षेत्र में मंच भी नहीं बनने दिया गया नाहीं भंडारे लगने दिए गए जिसकी वजह से मंदिर के पास सिर्फ जलाभिषेक करने वालों की ही भीड़ है।

अन्य शिवालयों में भी रही भीड
दूधेश्वरनाथ मंदिर के साथ ही शहर के अन्य शिवमंदिरों में जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों की भीड लगी रही। सुबह से भक्त जल चढ़ाने के लिए मंदिर में लाइन में लगे नजर आएं। सुबह से ही भगवान भोले के जलाभिषेक के लिए भक्तों की भीड जुटी रही। कविनगर स्थित स्वंयभू शिवमंदिर, राजनगर स्थित सनातन धर्म मंदिर सहित शिवमंदिरों में भक्तों का तांता दिनभर लगा रहा।