प्रमुख संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। अपनी सरकार में कई बीजेपी नेता मोटी कमाई कर रहे है। ऐसे ही एक भाजपा नेता नगर निगम क्षेत्र में अवैध होर्डिंग लगाकर चांदी काट रहे है। नगर निगम के अधिकारी भी एक दबाव के चलते इन अवैध होर्डिंग पर कटर चलाने से बच रहे है।
इसी के चलते ही अवैध रूप से शहर में 14 अवैध होर्डिंग पर प्रति महीने कई लाख कमाई का मोटा खेल चल रहा है। वैसे गत दिनों नगर निगम की ओर से हिम्मत दिखाते हुए एक अवैध होर्डिंग को कटर से काटने की कोशिश की गई। मगर जैसे ही भाजपा के इस नेता को पता चला उन्होंने अपनी एक बड़ी रणनीति को अंजाम दिया। इसके बाद नगर निगम को यह काईवाई रोकनी पड़ी। तब से लेकर नगर निगम इन अवैध होर्डिंग को काटने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है।
नगर निगम ने शहर में होर्डिंग का ठेका एक कंपनी को दिया हुआ है। इस कंपनी से नगर निगम को प्रति वर्ष 14 करोड़ रुपये की इनकम हो रही है। पहले यह इनकम काफी कम है। इस कंपनी को यह ठेका अगले 15 वर्ष के लिए दिया हुआ है।
माना जा रहा था कि इस कंपनी के दबाव में आकर नगर निगम शहर के बाकी सभी अवैध होर्डिंग को हटा देगा। मगर शहर में अवैध होर्डिंग से कमाई के इस कारोबार से कुछ भाजपा नेता भी जुड़े हुए है।
यहीं कारण है कि नगर निगम भी नियम के मुताबिक अवैध होर्डिंग के इस खेल को नियंत्रित नहीं कर पा रहा है। यह तब है जबकि नगर आयुक्त नितिन गौड़ ने पिछले दिनों बीओटी अधिकारी संजीव सिन्हा को बदल कर उनके स्थान पर सहायक अपर नगर आयुक्त विवेक त्रिपाठी को प्रभारी बना दिया। मगर वह भी इन अवैध होर्डिंग को काटने की हिम्मत नहीं दिखा रहे है। इससे निगम को भी मोटा नुकसान हो रहा है।