गाजियाबाद (युग करवट)। भाजपा ने सेवा पखवाड़ा के तहत अपने कार्यक्रम घोषित कर दिए हैं। इसमें अनुसूचित बस्ती में संवाद से लेकर बूथ सशक्तिकरण तक के आयाम दिए गए हैं। भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि सभी बूथों पर 24 सितंबर को प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण किया जाएगा। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई जाएगी। 26 सिंतबर से 2 अक्टूबर तक बूथ सशक्तिकरण अभियान चलाया जाएगा। इसी दौरान 26 सितंबर से एक अक्टूबर तक अनुसूचित बस्ती संपर्क अभियान भी चलेगा। इसमें प्रदेश अध्यक्ष, क्षेत्र अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, सांसद, विधायक को एक एक अनुसूचित गांव की जिम्मेदारी दी जाएगी। जिसको जो गांव मिलेगा वह एक पूरा दिन उसी गांव में गुजारेंगे। इसके लिए क्षेत्र स्तर पर वर्चुअल कार्यशाला भी की जाएगी। 17 सितंबर से 24 सिंतबर तक आयुष्मान भव: कार्यक्रम किया जाएगा। इसके तहत रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। पूरे प्रदेश से दस हजार युनिट रक्त एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है। 20 अक्टूबर तक निशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी भाजपा पदाधिकारियों को लगाने होंगे। बूथ स्तर तक आयुष्मान कार्ड बनाने का काम भी होगा।
बनाए गए हैं अभियान प्रभारी भी
इन सभी आयामों को पेरा करने के लिए भाजपा ने प्रदेश स्तर पर अभियान प्रभारी बनाए हैं। प्रदेश महामंत्री संजय राय को विश्वकर्मा योजना, सुभाष यदुवंश को आयुष्मान भव: योजना, अनूप गुप्ता को बूथ सशक्तिकरण, रामप्रताप सिंह चौहान को दीनदयाल उपाध्याय जन्मदिन आयोजन, प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक को मन की बात और बृज बहादुर को अनुसूचित बस्ती संपर्क अभियान का प्रभारी बनाया गया है।