प्रमुख संवादाता
गाजियाबाद (युग करवट)। शहर में अब विकास का पहिया चलने जा रहा है। इस बार करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे। यह सभी विकास कार्य वह हैं जिनके टेंडर पहले ही नगर निगम निकाल चुका है। कमेटी ने इन कार्यों की एहमियत के आधार पर नगर निगम को स्वीकृति के लिए निवेदन भेजा था। इसके बाद नगर आयुक्त ने इन विकास कार्यों को स्वीकार किया है। उम्मीद है कि जल्दी ही ये विकास कार्य शुरू होने जा रहे हैं। नगर निगम प्रशासन की ओर से दिसंबर महीने में 207 विकास कार्य को कराने के लिए नगर निगम ने टेंडर निकाले थे जो सिविल वर्क की श्रेणी में थे, यानी ये सभी विकास कार्य सडक़, नाला, नाली, इंटरलॉकिंग आदि के लिए थे। इन पत्रावलियों को स्वीकृति के लिए नगर निगम की ओर से नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ के पास भेजा गया। इन कार्यों की एहमियत क्या है, डॉ. गौड ने इसके लिए एक कमेटी बना दी है। कमेटी ने ही कार्य की एहमियत के आधार पर इन 207 में से कुछ विकास कार्यों की पत्रावली स्वीकृति के लिए भेजी है। नगर निगम के निर्माण विभाग का कहना है कि असेस्मेंट कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर करीब 50 विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं। इन सभी विकास कार्यों की स्वीकृति के बाद अब नगर निगम विकास कार्य कराएगा। जो विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं उनकी कीमत करीब 35 करोड़ के आसपास है। अगले महीने से यह सभी विकास कार्य शुरू होने की संभावना है। नगर निगम के निर्माण विभाग ने इसके लिए अब कोशिश और तेज कर दी है। निगम चाहता है कि बरसात का मौसम शुरू होने से पहले यह सभी विकास कार्य पूरे हो जाएं।